जालंधर -(मनदीप कौर)– शहर के मैन रैनक बाजार स्थित सरकारी हाई स्मार्ट स्कूल के बाहर से 12 वर्षीय छात्रा के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक बच्ची स्कूल के लिए घर से निकली थी, लेकिन स्कूल परिसर तक नहीं पहुंची।
यह भी पढ़े –https://chardapunjabtv.com/canada-punjabi-woman-jail-officer-prisoner-relationship-case/
परिजनों का कहना है कि उस दिन चार बच्चे एक साथ स्कूल के लिए निकले थे। इनमें से तीन बच्चे स्कूल के अंदर चले गए, जबकि पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाली 12 वर्षीय छात्रा रास्ते में ही गायब हो गई। जब परिवार ने स्कूल प्रशासन से संपर्क किया तो उन्हें बताया गया कि बच्ची स्कूल पहुंची ही नहीं थी।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज किए। जांच में सामने आया कि बच्ची स्कूल के मुख्य गेट तक पहुंची थी, लेकिन अंदर जाने से पहले ही वापस मुड़ गई। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चल सका।
पुलिस अब स्कूल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बच्ची की आखिरी लोकेशन का पता लगाया जा सके। साथ ही स्कूल प्रशासन और परिवार दोनों से पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को बच्ची के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

