पंजाब -(मनदीप कौर )- दिलजीत दोसांझ स्टारर फिल्म ‘सतलुज’ (पूर्व नाम Punjab ’95) एक बार फिर विवादों में आ गई है। OTT पर रिलीज होने के महज दो दिन बाद ही फिल्म को भारत में ZEE5 से हटा दिया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की टीम को नोटिस जारी किए जाने के बाद यह फैसला लिया गया। हालांकि, नोटिस की पूरी कानूनी जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
ZEE5 ने जारी किया आधिकारिक बयान
ZEE5 ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि “वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए ‘सतलुज’ को भारत में अगले आदेश तक उपलब्ध नहीं कराया जाएगा।” साथ ही प्लेटफॉर्म ने यह भी कहा कि वह कानूनी प्रक्रिया के तहत फिल्म को दोबारा दर्शकों तक पहुंचाने के सभी उचित विकल्पों पर काम कर रहा है।
रिलीज के 48 घंटे के भीतर हटाई गई फिल्म
3 जुलाई को OTT पर रिलीज हुई ‘सतलुज’ को 48 घंटे के भीतर भारतीय प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया। फिल्म मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन पर आधारित है और रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर इसकी काफी चर्चा हुई थी।
सोशल मीडिया पर फैंस का गुस्सा
फिल्म हटाए जाने के बाद सोशल मीडिया पर #Satluj ट्रेंड करने लगा। कई यूजर्स ने इस फैसले पर नाराजगी जताई और फिल्म को दोबारा उपलब्ध कराने की मांग की। वहीं, दिलजीत दोसांझ ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि “I Challenge The Darkness”, जिसे उनके प्रशंसकों ने इस पूरे घटनाक्रम से जोड़कर देखा।
भारत में बैन, विदेशों में उपलब्ध
रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म फिलहाल भारत में उपलब्ध नहीं है, लेकिन ZEE5 Global के जरिए कुछ अन्य देशों में इसे देखा जा सकता है।

