पंजाब -(मनदीप कौर )- मोहाली के ज़ीरकपुर इलाके में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। छत लाइट चौक के पास मनाली से दिल्ली जा रही यात्रियों से भरी एक निजी बस और तेज रफ्तार ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में करीब 20 से 22 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार निजी बस मनाली से दिल्ली की ओर जा रही थी। जैसे ही बस ज़ीरकपुर के छत लाइट चौक के पास पहुंची, तभी पटियाला की तरफ जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस चालक संतुलन खो बैठा और बस सड़क के बीचों-बीच पलट गई।
बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई लोग सीटों से नीचे गिर पड़े, जबकि कुछ यात्री बस के अंदर फंस गए। हादसे के दौरान एक युवक बस के नीचे आ गया, जिससे उसका हाथ बुरी तरह कुचल गया।
राहत और बचाव कार्य
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सड़क सुरक्षा फोर्स की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय लोगों की मदद से बस की खिड़कियां तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तुरंत डेराबस्सी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
हाईवे पर लगा लंबा जाम
हादसे के बाद हाईवे पर करीब दो घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। बाद में पुलिस ने हाइड्रा मशीन की मदद से पलटी हुई बस को सड़क से हटवाया, जिसके बाद ट्रैफिक दोबारा सामान्य हो पाया।
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे का कारण बस और ट्रक की तेज रफ्तार को माना जा रहा है। दोनों वाहनों के चालकों से पूछताछ की जा रही है।

