होशियारपुर -(मनदीप कौर)- कनाडा के ओटावा से टांडा के एक युवक की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत की खबर सामने आई है। हादसा ओटावा के दक्षिण-पश्चिमी इलाके में Fallowfield Road और Old Richmond Road के पास हुआ, जहां दो कारों की जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई।
मृतक की पहचान ब्रह्मजोत सिंह पुत्र गुरप्रीत सिंह सोढ़ी, निवासी टांडा, के रूप में हुई है। रिपोर्ट के अनुसार युवक करीब 20 वर्ष का था और लगभग दो साल पहले कनाडा गया था।

यह भी पढ़े:-12 सितंबर को अमृतसर जिले में रहेगी छुट्टी, स्कूल-दफ्तर रहेंगे बंद
जानकारी के मुताबिक ब्रह्मजोत अपनी Honda CR-V में सवार था, जिसकी टक्कर दूसरी कार Kia Sorento से हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन करीब 25 मीटर की दूरी तक जा गिरे और इसके बाद उनमें आग भड़क उठी।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची फायर सर्विस की टीम ने आग पर काबू पाया। ब्रह्मजोत कार के अंदर फंस गया था और उसे बाहर नहीं निकाला जा सका। पैरामेडिक्स ने उसे मौके पर ही मृत घोषित कर दिया। दूसरी कार के चालक को गंभीर चोटें आईं और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हादसे की खबर टांडा पहुंचते ही परिवार और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने सड़क की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

