पटियाला -(मनदीप कौर)- पंजाब के पटियाला से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां कमांडो ट्रेनिंग के दौरान एक महिला पुलिस अधिकारी की जान चली गई। मृतक की पहचान सब-इंस्पेक्टर (SI) गुलशन कौर के रूप में हुई है, जो कपूरथला जिले की रहने वाली थीं।
जानकारी के अनुसार, गुलशन कौर वर्ष 2023 में पुलिस सेवा में भर्ती हुई थीं और 15 मार्च 2026 से पटियाला के कमांडो कॉम्प्लेक्स में विशेष प्रशिक्षण ले रही थीं।
टंकी से गिरने से हुआ हादसा
घटना वीरवार की बताई जा रही है। रोजाना की तरह SI गुलशन कौर अपनी महिला साथी के साथ अभ्यास करती थीं। ट्रेनिंग के दौरान वे अपने क्वार्टर के पास बनी करीब 15 फीट ऊंची पानी की टंकी की सीढ़ियों पर चढ़-उतरकर अभ्यास करती थीं।
बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन उनकी साथी देरी से पहुंची, जिसके चलते गुलशन कौर ने अकेले ही अभ्यास शुरू कर दिया। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे फिसलकर टंकी से नीचे गिर गईं।
सिर में गंभीर चोट, मौके पर ही मौत
हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और उनके परिवार के सदस्य मौके पर पहुंच गए।
पुलिस जांच में नहीं मिला कोई शक
सदर थाना पटियाला के इंचार्ज गुरमीत सिंह के अनुसार, शुरुआती जांच में कोई भी संदिग्ध पहलू सामने नहीं आया है। यह एक दुर्घटना प्रतीत हो रही है।
पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। परिवार के बयान दर्ज करने के बाद सीआरपीसी की धारा 194 के तहत आगे की कार्रवाई की गई है।
परिवार में शोक की लहर
इस हादसे के बाद परिवार और पुलिस विभाग में शोक की लहर है। एक मेहनती और समर्पित अधिकारी की अचानक मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।

