International news -( ब्यूरो रिपोर्ट)- UAE के शारजाह से भारतीय मूल के एक व्यक्ति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कर्नाटक के उडुपी जिले के कुंडापुर निवासी एल्विन प्रकाश कुंडर का शव एक कार से बरामद हुआ, जिसे कथित तौर पर नौ टुकड़ों में काटकर दो बैगों में रखा गया था। पुलिस जांच के बाद शव की पहचान की गई। घटना की जानकारी करीब दो महीने बाद सामने आई है।
रिपोर्टों के अनुसार, एल्विन लंबे समय से शारजाह में रह रहे थे और शारजाह एयरपोर्ट से जुड़े काम में कार्यरत थे। जुलाई में जब उनके भाई ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की तो सामान्य बातचीत के बजाय फोन से टेक्स्ट मैसेज आया। इसके बाद संपर्क नहीं होने पर परिवार को शक हुआ।

यह भी पढ़े:- नूंह में दर्दनाक सड़क हादसा, पिता और 3 बच्चों की मौत; महिला गंभीर घायल, ट्रक चालक फरार
परिजनों ने शारजाह में उनके परिचितों और कंपनी से संपर्क किया। शुरुआत में परिवार को बताया गया कि एल्विन भारत चले गए हैं। हालांकि, बाद में पासपोर्ट रिकॉर्ड की जांच में उनके शारजाह में ही होने की जानकारी सामने आने के बाद गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस की जांच के दौरान ओमान की ओर जाने वाले रास्ते पर खड़ी एक कार से एल्विन के अवशेष बरामद होने की जानकारी सामने आई। उनके भाई के अनुसार, शव को नौ टुकड़ों में काटकर दो बैगों में रखा गया था। बाद में पहचान की प्रक्रिया पूरी की गई।
इस मामले में एल्विन की पत्नी टीना कुंडर और उनका 10वीं कक्षा में पढ़ने वाला बेटा फिलहाल संपर्क में नहीं बताए जा रहे हैं। हालांकि, उनकी हत्या में किसी भूमिका की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। Sharjah authorities मामले की परिस्थितियों, संभावित आरोपियों और हत्या के कारण की जांच कर रही हैं।
एल्विन के परिवार ने मामले की जांच और शव को भारत लाने की प्रक्रिया में मदद की मांग की है। उडुपी पुलिस भी Sharjah authorities से आधिकारिक जानकारी का इंतजार कर रही है।

