अमेरिका के कैलिफोर्निया में इमिग्रेशन अधिकारियों की कार्रवाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मोडेस्टो में ICE एजेंटों पर एक 12 सप्ताह की गर्भवती महिला के साथ बदसलूकी करने, उसे जमीन पर घसीटने और मिर्च स्प्रे करने के आरोप लगे हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद अधिकारियों की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।
विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई घटना

महिला की पहचान 23 वर्षीय लिज़बैथ वर्गास एंड्रेड के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने पति और ननद के साथ स्टैनिस्लॉस काउंटी जेल के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रही थी। प्रदर्शन के दौरान वह जेल से रिहा होने वाले लोगों को ICE एजेंटों द्वारा हिरासत में लिए जाने का विरोध कर रही थी।
महिला के वकील पैट्रिक कोलासिंस्की के मुताबिक, इसी दौरान अधिकारियों के साथ उसकी बहस हो गई और मामला बढ़ गया।
वायरल वीडियो में जमीन पर गिराते दिखाई दिए एजेंट
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में तीन ICE एजेंट एक महिला को जमीन पर गिराते और घसीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। महिला की कानूनी टीम का दावा है कि जमीन पर गिराए जाने से पहले उसने एक अधिकारी पर अपने हाथ रखे थे। वकील के मुताबिक, इस दौरान महिला पर मिर्च स्प्रे का भी इस्तेमाल किया गया।
आरोप है कि संघीय अधिकारियों ने महिला को कई घंटों तक हिरासत में रखा और बाद में उसे रिहा कर दिया।
अस्पताल ले जाया गया, मां और बच्चा दोनों सुरक्षित
घटना के बाद महिला की हालत को देखते हुए उसे स्ट्रेचर पर अस्पताल ले जाया गया। परिवार की ओर से साझा किए गए वीडियो में उसे अस्पताल ले जाते हुए देखा जा सकता है। एक ICE अधिकारी भी एंबुलेंस में उसके साथ अस्पताल पहुंचा।
महिला के वकील ने बताया कि मेडिकल जांच के बाद महिला और उसका गर्भ में पल रहा बच्चा दोनों सुरक्षित हैं। बाद में महिला को अस्पताल से छुट्टी मिल गई और वह अपने परिवार के पास घर लौट आई।
ICE की कार्रवाई पर उठे सवाल
महिला के वकील ने उसकी हिरासत और उसके खिलाफ इस्तेमाल की गई ताकत पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि इस मामले की जांच होनी चाहिए और यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि एक गर्भवती महिला के साथ ऐसी कार्रवाई क्यों की गई। इस घटना ने इमिग्रेशन कार्रवाई के दौरान अमेरिकी नागरिकों के साथ किए जाने वाले व्यवहार को लेकर भी बहस छेड़ दी है।
पुलिस ने कार्रवाई से किया किनारा
मोडेस्टो पुलिस विभाग ने सोशल मीडिया के जरिए कहा कि वह घटना से परिचित है, लेकिन उसके अधिकारियों ने महिला को हिरासत में नहीं लिया और न ही ICE एजेंटों की कार्रवाई में कोई सहायता की। स्टैनिस्लॉस काउंटी शेरिफ कार्यालय ने भी घटना की जानकारी होने की बात कही है।
वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर विवाद बढ़ रहा है और महिला के परिवार तथा कानूनी टीम ने अधिकारियों की कार्रवाई पर जवाब मांगा है।

