मोहाली -(मनदीप कौर)- खरड़ के दरपण सिटी इलाके में स्थित एक मंदिर में मंगलवार दोपहर एक अज्ञात युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही सिटी खरड़ पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को नीचे उतारकर सिविल अस्पताल खरड़ पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया ।
मंदिर के महंत के अनुसार, वह दोपहर करीब 1 बजे भोजन करने के लिए घर गए थे। इस दौरान मंदिर के अंदर के दरवाजे बंद कर दिए गए थे, जबकि मुख्य दरवाजा श्रद्धालुओं के लिए खुला छोड़ा गया था। वापस लौटने पर मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। श्रद्धालुओं की मदद से दरवाजा खोला गया, जिसके बाद मंदिर के अंदर युवक मृत अवस्था में मिला।

यह भी पढ़े:-UAE के शारजाह में भारतीय की हत्या, 9 टुकड़ों में मिला शव; पत्नी और बेटा लापता
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम थाना सिटी खरड़ के अधिकारी हरमिंदर सिंह के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। युवक के कपड़ों की तलाशी के दौरान कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिला, जिसके चलते उसकी पहचान नहीं हो सकी।
पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में 72 घंटे के लिए सुरक्षित रखवा दिया है, ताकि परिजनों या वारिसों के आने पर मृतक की पहचान हो सके। पुलिस के अनुसार, पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।

