न्यूकैसल: ऑस्ट्रेलिया के न्यूकैसल में शनिवार को रग्बी टीम के प्रशंसकों के बीच एक कार घुसने से बड़ा हादसा हो गया। यहां न्यूकैसल नाइट्स टीम को विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसक सड़क किनारे जुटे थे। इसी दौरान एक कार भीड़ से टकरा गई।
ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों के अनुसार हादसे में 10 लोग घायल हुए, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। घायलों को मौके पर प्राथमिक चिकित्सा देने के बाद अस्पताल पहुंचाया गया। घटनास्थल पर पुलिस, एंबुलेंस और हेलीकॉप्टर समेत बड़ी संख्या में आपातकालीन सेवाएं पहुंचीं।

पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है और हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार चालक के वाहन पर नियंत्रण खोने की बात सामने आई है। पुलिस ने यह भी कहा है कि शुरुआती संकेतों में घटना का आतंकवाद से संबंध नहीं दिख रहा है।

