हरियाणा के पिंजौर में रौनक होटल के सामने गली में स्थित एक बुटीक में महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की पहचान राजेंद्र कौर के रूप में हुई है। वह रतपुर कॉलोनी में किराए के मकान में रहती थी और बुटीक चलाने के साथ लड़कियों को सिलाई भी सिखाती थी।
जानकारी के मुताबिक, महिला पर बुटीक के अंदर हमला किया गया। गंभीर हालत में वह किसी तरह बाहर निकली, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की।

बाइक सवार की मदद से अस्पताल पहुंचाया
प्रत्यक्षदर्शी कारपेंटर राजू के मुताबिक, एक महिला ने उनकी दुकान पर आकर बताया कि गली में एक महिला लहूलुहान हालत में पड़ी है। इसके बाद वह मौके पर पहुंचे।
यह भी पढ़े:-लुधियाना में 25 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पत्नी से विवाद की बात सामने आई
वहां महिला को गंभीर हालत में देखकर उन्होंने एक बाइक सवार की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी जान नहीं बच सकी।
डायरी में लिखा पति का नाम होने का दावा
पुलिस के अनुसार, मौके से एक डायरी बरामद हुई है। रिपोर्टों में दावा किया गया है कि डायरी के पन्ने पर महिला ने अपने पति और ससुराल के कुछ सदस्यों के नाम लिखे थे और मदद की गुहार लगाई थी।
हालांकि, डायरी में लिखी बातों की पुष्टि और उनकी परिस्थितियों को लेकर पुलिस जांच कर रही है। इसलिए इस मामले में लगाए गए आरोपों को फिलहाल जांच का विषय माना जा रहा है।
CCTV फुटेज भी खंगाल रही पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही पिंजौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक, CCTV फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति बुटीक के अंदर जाता और कुछ देर बाद वहां से निकलता दिखाई दिया है। पुलिस अब फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
पुलिस जांच के बाद सामने आएगा पूरा सच
महिला की हत्या के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। हत्या की वजह, हमलावर की पहचान और डायरी में दर्ज आरोपों की सच्चाई जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।

