जालंधर -(मनदीप कौर)- जालंधर कैंट से विधायक परगट सिंह को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) का नया अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद उनके समर्थकों में खुशी का माहौल है। कांग्रेस ने अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के इस्तीफे के बाद परगट सिंह को यह जिम्मेदारी सौंपी है।
अध्यक्ष बनने के बाद परगट सिंह ने कांग्रेस नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वह पंजाब में पार्टी को मजबूत करने और प्रदेश के लोगों की सेवा के लिए पूरी मेहनत और प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे।

परगट सिंह ने अपने बयान में पंजाब और पंजाबियों की एकजुटता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पंजाबियों को पंजाब के लिए खड़ा होना होगा। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों ने हमेशा विभाजनकारी और नफरत की राजनीति को नकारा है और वह सकारात्मक एवं सार्थक राजनीति को आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेतृत्व का भी आभार जताया। परगट सिंह ने मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, सोनिया गांधी और केसी वेणुगोपाल समेत पार्टी नेतृत्व का धन्यवाद किया।
परगट सिंह के पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद जालंधर स्थित उनके आवास पर समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर बधाई दी। उनकी पत्नी बरिंदर प्रीत कौर ने भी इस नई जिम्मेदारी पर खुशी जाहिर की और कहा कि परिवार के लिए यह गर्व का अवसर है।
परगट सिंह के सामने अब पंजाब कांग्रेस के संगठन को संभालने और वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं को साथ लेकर आगे बढ़ने की जिम्मेदारी है। वह पहले भारतीय हॉकी टीम के कप्तान रह चुके हैं और जालंधर कैंट से तीन बार विधायक चुने जा चुके हैं।

