लुधियाना -(मनदीप कौर)- पंजाब के लुधियाना में देर रात फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। मॉडल टाउन एक्सटेंशन स्थित राइटवे वीजा कंसल्टेंट्स के दफ्तर को अज्ञात हमलावरों ने निशाना बनाया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
बाइक पर आए थे हमलावर

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, देर रात बाइक पर सवार होकर दो अज्ञात व्यक्ति मौके पर पहुंचे थे।
यह भी पढ़े:- जालंधर में बर्थडे पार्टी पर चाकूबाजी, पुलिस पर गंभीर आरोप
आरोप है कि पीछे बैठे युवक ने कार्यालय की ओर करीब दो से तीन राउंड फायर किए। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
पहले भी मिल चुकी थीं धमकियां
मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित पक्ष को पहले भी धमकियां मिलने और पैसों की मांग किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, फायरिंग की इस घटना के पीछे किसका हाथ है और क्या इसका संबंध पहले मिली धमकियों से है, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच शुरू की। पुलिस पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल, घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही आरोपियों और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।

