लुधियाना:-(मनदीप कौर)- पंजाब के लुधियाना में पुलिस कस्टडी से दो हवालातियों के हथकड़ी समेत फरार होने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ के लिए ले जाते समय तबीयत खराब होने का बहाना बनाया। जब पुलिसकर्मी उनकी हथकड़ी खोलकर जांच करने लगे, तो दोनों कथित तौर पर उन्हें धक्का देकर मौके से फरार हो गए।
प्रिंस शर्मा और रिंकू की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस के मुताबिक, फरार आरोपियों की पहचान प्रिंस शर्मा उर्फ प्रिंस और रमणदीप सिंह उर्फ रिंकू के रूप में हुई है। प्रिंस शर्मा गांव जोपमाजरा, थाना अमरगढ़, मलेरकोटला का निवासी बताया गया है, जबकि रमणदीप सिंह उर्फ रिंकू मोहल्ला जगतपुरा, फिल्लौर, जिला जालंधर का रहने वाला है।
दोनों आरोपियों के फरार होने के बाद डिवीजन नंबर-5 थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
क्राइम ब्रांच-1 में पूछताछ के लिए ले जा रही थी पुलिस
रिपोर्ट के अनुसार, दोनों आरोपियों को आगे की पूछताछ के लिए क्राइम ब्रांच-1, लुधियाना ले जाया जा रहा था। वहां पहले से एक अन्य आरोपी से पूछताछ की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम के अधिकारी और कर्मचारी कमिश्नर कार्यालय के बाहर सड़क पर गाड़ी में इंतजार कर रहे थे।
आरोप है कि इसी दौरान रमणदीप सिंह उर्फ रिंकू ने तबीयत खराब होने का बहाना बनाया। पुलिसकर्मी जब उसकी हथकड़ी खोलकर जांच करने लगे, तो दोनों आरोपी कथित तौर पर उन्हें धक्का देकर हथकड़ी समेत फरार हो गए।
पहले भी दर्ज था मामला
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, दोनों आरोपियों को 12 अक्टूबर 2026 को एक अन्य मामले में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद 13 अक्टूबर को अदालत में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया था। अब पुलिस कस्टडी से फरार होने के मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 262, 221 और 132 के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

