लुधियाना:-(मनदीप कौर)-जिले में डिस्टिक्ट और सेशन जज को ईमेल के जरिए कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी उस समय मिली, जब कोर्ट परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत की कार्यवाही चल रही थी।
जानकारी के मुताबिक, 12 सितंबर को डिस्टिक्ट और सेशन जज की आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। ईमेल में कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। इसके अलावा मोहाली-चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर भी हिंसक हमले की चेतावनी दी गई थी। ईमेल भेजने वाले ने खुद को पाकिस्तान की नेशनल आर्मी और बब्बर खालसा से जुड़ा होने का दावा किया।

यह भी पढ़े:-जालंधर में 5 किलो हेरोइन बरामद, 2 नशा तस्कर गिरफ्तार
धमकी मिलने के तुरंत बाद पुलिस प्रशासन को इसकी सूचना दी गई। सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और कोर्ट परिसर में तलाशी अभियान शुरू किया गया। पुलिस, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते ने पूरे परिसर की गहन जांच की।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जजों, कोर्ट स्टाफ, वकीलों और आम लोगों की सुरक्षा के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए। कोर्ट परिसर की बिल्डिंग को खाली करवाकर तलाशी ली गई।
फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां ईमेल की जांच कर रही हैं। धमकी भेजने वाले की पहचान और ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच जारी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

