जालंधर -(मनदीप कौर)- न्यू रत्न नगर इलाके में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक फ्लैट से 26 वर्षीय संदीप कुमार का शव बरामद हुआ। मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद आसपास के लोगों ने हत्या की आशंका जताई है।
घटना की सूचना मिलते ही बस्ती बावा खेल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है।

3 दिन पहले अस्पताल से मिली थी छुट्टी
पुलिस के अनुसार, उन्हें 112 नंबर पर सूचना मिली थी कि फ्लैट में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। जांच के दौरान सामने आया कि यह फ्लैट किसी जमींदार का बताया जा रहा है।
यह भी पढ़े:-Jalandhar School Theft: 2 महीने में तीसरी चोरी, CCTV में कैद हुआ चोर
आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि संदीप को करीब 3 दिन पहले अस्पताल से छुट्टी मिली थी, जिसके बाद वह घर लौटा था। इसके बाद अब उसका शव फ्लैट से बरामद हुआ।
शरीर पर मिले चोट के निशान
मृतक के शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। हालांकि, इन चोटों की वजह क्या है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि संदीप शराब का सेवन करता था और अक्सर शराब पीने का आदी था। वहीं पुलिस अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं और किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
थाना प्रभारी के मुताबिक, फिलहाल मामले को लेकर जांच जारी है। मृतक की मां और अन्य परिजनों से भी जानकारी ली जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि संदीप की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शरीर पर मिले चोट के निशान किस वजह से हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का खुलासा होने की उम्मीद है।

