लुधियाना -(मनदीप कौर)- पंजाब में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। एक व्यक्ति को उसके ही रिश्तेदार ने साथियों के साथ मिलकर कथित तौर पर अगवा कर लिया और फिर बेरहमी से हत्या कर दी। करीब 30 घंटे बाद उसका शव एक गंदे नाले के पास बरामद हुआ। इस पूरी वारदात का सबसे दर्दनाक पहलू मृतक का 6 साल का मासूम बेटा है, जो अब भी अपने पिता के घर लौटने का इंतजार कर रहा है।
मृतक की पहचान पंकज अरोड़ा के रूप में हुई है, जो कपड़ा व्यापारी थे। पुलिस के मुताबिक, पंकज 25 नवंबर की शाम करीब 6:46 बजे अपनी एक्टिवा स्कूटर पर घर से निकले थे। वह अपने परिचित मिक्की आहूजा से मिलने जा रहे थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिवार ने उनकी तलाश शुरू की।

13 तोले सोने के लालच में रची गई साजिश!
परिजनों की शिकायत के अनुसार, पंकज घर से निकलते समय भारी मात्रा में सोने के गहने पहने हुए थे। इनमें करीब 8 तोले सोने की चेन, 5 तोले का कड़ा और 5 सोने की अंगूठियां शामिल थीं।
पुलिस जांच में आरोप सामने आया कि मिक्की आहूजा ने अपने साथियों शिवा, सचिन, अजय और कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर पंकज को अगवा करने की साजिश रची थी। आरोप है कि सोने के गहने लूटने के इरादे से उन्हें निशाना बनाया गया।
दोस्त बनकर बुलाया, फिर कर दी हत्या
पुलिस के अनुसार, आरोपी मिक्की आहूजा और उसके साथियों ने कथित तौर पर पंकज का अपहरण करने के बाद उनकी हत्या कर दी और शव को छिपाने के लिए एक छप्पर में फेंक दिया। करीब 30 घंटे बाद उनका शव बरामद हुआ।
पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी मिक्की आहूजा और उसके दो साथियों अजय सिंह व शिवा को गिरफ्तार किया है। वहीं फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
मासूम बेटे की पुकार ने नम कर दीं आंखें
इस पूरी वारदात का सबसे भावुक पहलू पंकज का 6 साल का बेटा है। मासूम को शायद अभी यह भी समझ नहीं आया कि उसके पिता अब कभी घर वापस नहीं आएंगे।
वह अपने पिता को याद करते हुए कह रहा है, ‘पापा घर आ जाओ, मुझे आपके साथ सोना है।’
जिस घर में कुछ दिन पहले तक पिता और बेटे की हंसी गूंजती थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। एक परिवार ने अपना सहारा खो दिया और एक मासूम के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया।
पुलिस मामले में हत्या, अपहरण और लूट के पहलुओं से जांच कर रही है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर फरार साथियों और वारदात में लूटे गए सोने के गहनों की तलाश जारी है।

