जालंधर:-(मनदीप कौर)- किशनपुरा स्थित St. George’s Convent School में चोरी का मामला सामने आया है। स्कूल प्रबंधन के अनुसार, पिछले करीब दो महीनों में यह चोरी की तीसरी घटना है। ताजा वारदात में चोर स्कूल से एलईडी और एसी का कंप्रेसर सहित इलेक्ट्रॉनिक सामान लेकर फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्कूल प्रिंसिपल की ओर से सूर्य एन्क्लेव थाने की पुलिस को शिकायत दी गई। वहीं, स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी संदिग्ध की गतिविधियां कैद हुई हैं।

CCTV में छत से तार काटता नजर आया चोर
स्कूल द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति स्कूल की छत पर तार काटता हुआ दिखाई दे रहा है। फुटेज में उसका चेहरा भी नजर आने की बात कही गई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।
यह भी पढ़े:-हरियाणवी गायक मासूम शर्मा को मिली धमकी, पुलिस जांच में जुटी
स्कूल शिक्षक जसविंदर के अनुसार, इससे पहले भी स्कूल में चोरी की दो घटनाएं हो चुकी हैं। एक घटना जून से पहले हुई थी, जिसमें चोर एलईडी और तार लेकर फरार हुए थे। इसके बाद जुलाई में दोबारा स्कूल को निशाना बनाया गया और इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी किया गया।
स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
स्कूल प्रबंधन का आरोप है कि तीनों घटनाओं की जानकारी पुलिस को दी गई, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ताजा घटना में भी सुबह करीब 8 बजे पुलिस को सूचना दी गई थी, लेकिन शिक्षक के अनुसार कई घंटे बीतने के बावजूद पुलिसकर्मी स्कूल नहीं पहुंचे।
शिक्षक ने कहा कि स्कूल शहर से कुछ दूरी पर स्थित है और वहां पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं है। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है।
पुलिस कार्रवाई का इंतजार
स्कूल प्रबंधन ने प्रशासन से मामले में जल्द कार्रवाई करने और स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस की ओर से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान और पिछली घटनाओं से उसके संबंध की जांच की जा रही है।
अब देखना होगा कि लगातार हो रही चोरी की इन घटनाओं में पुलिस कब तक आरोपी तक पहुंचती है।

