जालंधर -(मनदीप कौर)- शहर के श्री देवी तालाब मंदिर के पास स्थित हनुमान चौक पर बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सरिया से लदा एक बेकाबू ट्रक अचानक बिजली के ट्रांसफार्मर से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गया और सड़क पर बड़ी मात्रा में डीजल फैल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के दौरान ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद ट्रक सीधे ट्रांसफार्मर से जा भिड़ा। घटना के बाद आसपास के लोगों ने चालक को पकड़ लिया। वहीं सड़क पर फैले डीजल के कारण एक एक्टिवा चालक फिसलकर गिर गया, हालांकि उसे गंभीर चोट नहीं आई।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/jalandhar-illegal-liquor-seized-126-bottles/
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना-3 की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन ट्रांसफार्मर को नुकसान पहुंचने से क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि ट्रक चालक से वाहन कैसे अनियंत्रित हुआ। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि हादसे वाले क्षेत्र में सावधानी बरतें और सड़क पर फैले डीजल के कारण फिसलन से बचकर निकलें।

