जालंधर -(मनदीप कौर)- न्यू शहीद बाबू लाभ सिंह नगर में स्थित माता गुजरी खालसा मॉडल स्कूल में एक बच्चे को किडनैप करने के आरोप के बाद हंगामा होने की खबर सामने आई है। मामले के दौरान स्कूल प्रशासन और लोगों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, एक महिला का आरोप है कि वह अपने बच्चे को स्कूल से लेने के लिए पहुंची थी। उसके पीछे एक व्यक्ति भी स्कूल के अंदर पहुंच गया। महिला ने शोर मचाया और लोगों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद स्कूल के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

यह भी पढ़े:-जालंधर सेंट्रल में AAP की सियासत गर्म, रमन अरोड़ा की सुरक्षा वापसी के बाद चर्चाएं तेज
मामले की जानकारी मिलने के बाद स्कूल प्रशासन और सिक्योरिटी स्टाफ ने संदिग्ध व्यक्ति को रोक लिया। लोगों ने उससे पूछताछ की तो उसने अलग-अलग बातें बताईं। कभी उसने बच्चे के एडमिशन के लिए आने की बात कही तो कभी बच्चे को छोड़ने की बात बताई। हालांकि, उसके बयानों को लेकर लोगों को शक हुआ।
इसके बाद लोगों ने स्कूल प्रशासन की सिक्योरिटी की मदद से व्यक्ति को काबू कर लिया और उसकी जमकर पूछताछ की। सूचना मिलने पर बस्ती बावा खेल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और व्यक्ति को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
मामले के दौरान कुछ लोगों ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। लोगों का कहना था कि अगर कोई बाहरी व्यक्ति स्कूल परिसर में पहुंच जाता है तो बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता होना स्वाभाविक है।
फिलहाल पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। यह स्पष्ट होना बाकी है कि व्यक्ति वास्तव में बच्चे को किडनैप करने के इरादे से स्कूल पहुंचा था या उसके स्कूल पहुंचने की कोई दूसरी वजह थी। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

