जालंधर -(मनदीप कौर)- शहर के न्यू दशमेश नगर इलाके में शुक्रवार देर रात दो पक्षों के बीच चली गोलियों ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
जानकारी के अनुसार मृतक युवक की पहचान सिमरनजीत सिंह के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक का नाम सौरभ बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था और इसी रंजिश ने बाद में खूनी रूप ले लिया।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले हुए झगड़े के बाद तनाव लगातार बना हुआ था। देर रात जब कुछ युवक अस्पताल की ओर जा रहे थे, तभी न्यू दशमेश नगर में दूसरे पक्ष के युवक का सामना हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और मामला फायरिंग तक पहुंच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मौके पर कई राउंड गोलियां चलीं। गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरे युवक की हालत भी नाजुक बनी रही। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान सिमरनजीत सिंह ने दम तोड़ दिया। वहीं घायल युवक का उपचार जारी है।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए।
पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश का एंगल सामने आया है। पीड़ित परिवार और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

