जालंधर -(मनदीप कौर)- जालंधर में ‘खेड़ां वतन पंजाब दियां’ का आयोजन 12 सितंबर तक किया जा रहा है। इस बार खेल प्रतियोगिताओं में पहली बार टेनिस बॉल क्रिकेट को भी शामिल किया गया है। प्रतियोगिताएं ब्लॉक स्तर से शुरू होकर जिला और फिर राज्य स्तर तक आयोजित होंगी।
डीसी वरजीत वालिया ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं में 14 वर्ष से लेकर 70 वर्ष तक की आयु के लोग हिस्सा ले सकते हैं। खिलाड़ियों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया को आसान रखा गया है और ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है।

यह भी पढ़े:-
इस चरण में कुल 6 प्रमुख खेल शामिल किए गए हैं। इनमें टेबल टेनिस, बैडमिंटन, लॉन टेनिस, जूडो और टेनिस बॉल क्रिकेट समेत अन्य खेल शामिल हैं। जिला स्तर पर होने वाले मुकाबलों में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।
जिला स्तर के विजेताओं को राज्य स्तर पर खेलने का अवसर मिलेगा। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रथम स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ी को 10 हजार रुपये, दूसरे स्थान पर 7 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को 5 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
प्रशासन की ओर से खिलाड़ियों के लिए मैदानों की तैयारी, कोच और रेफरी की व्यवस्था के साथ अन्य जरूरी सुविधाओं पर भी ध्यान दिया गया है। खिलाड़ियों की डाइट को लेकर भी विशेष व्यवस्था की गई है।
डीसी ने जालंधर के लोगों और युवाओं से अपील की कि वे खेलों से जुड़ें और इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। प्रशासन का उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच उपलब्ध करवाना है।

