जालंधर -(मनदीप कौर)- वेस्ट हलके में एक्साइज टीम और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक वाहन से भारी मात्रा में शराब बरामद की है। यह कार्रवाई असिस्टेंट कमिश्नर डॉ. हरिस्मरत कौर ग्रेवाल के निर्देशों और एक्साइज अधिकारी जसप्रीत सिंह की देखरेख में की गई।
जानकारी के अनुसार, इंस्पेक्टर मनजीत सिंह ने ईआई सौमत माही, आबकारी पुलिस और बस्ती बावा खेल पुलिस के साथ मिलकर देर रात करीब 1:30 बजे कपूरथला रोड पर नाका लगाया था। इसी दौरान PB08-FM-5862 नंबर वाली सफेद स्कॉर्पियो को रुकने का इशारा किया गया।

यह भी पढ़े:-अमृतसर में पुलिसकर्मी की हत्या, DGP ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
बताया गया कि चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय मौके से भागने की कोशिश की। पीछा किए जाने के बाद चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान धर्मेंद्र, पुत्र राकेश कुमार, निवासी बस्ती बावा खेल के रूप में बताई गई है।
गाड़ी की तलाशी के दौरान पंजाब किंग व्हिस्की की 240 बोतलें और 250 निप्स, यानी कुल 25 केस, बरामद किए गए। बरामद शराब पर ‘ट्रैक एंड ट्रेस’ होलोग्राम और बैच नंबर नहीं था।
मामले में बस्ती बावा खेल पुलिस स्टेशन में FIR नंबर 279, दिनांक 18 सितंबर 2026 दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और मामले की आगे जांच जारी है।

