जालंधर -(मनदीप कौर)- पठानकोट में देर रात गोवंश को पिकअप वाहनों में भरकर ले जाने का मामला सामने आया है। गौरक्षक टीम के प्रतिनिधि इंदरजीत बिश्नोई परशाद के मुताबिक, टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि दो पिकअप गाड़ियों में गोवंश को भरकर ले जाया जा रहा है।
टीम के अनुसार, रात करीब 2:30 बजे पहली पिकअप गाड़ी को रोककर जांच की गई। इसी दौरान एक अन्य संदिग्ध पिकअप चालक तेज रफ्तार से वहां से निकल गया। टीम ने उसका पीछा किया। बताया गया कि खुद को घिरता देख चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया और टीम ने उसे पकड़ लिया।

एक पिकअप से 3 बैल बरामद
गौरक्षक टीम के मुताबिक, पहली पिकअप गाड़ी की जांच के दौरान उसमें से तीन बैल बरामद किए गए। वहीं दूसरी पिकअप की भी जांच की जा रही है। टीम का आरोप है कि गोवंश को वाहन में बेहद क्रूर तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था।
यह भी पढ़े:-Pakistan: BLA का बड़ा दावा, 14 से ज्यादा सैन्य चौकियों पर कब्जे की बात
टीम ने यह भी दावा किया कि मौके पर पशुओं के परिवहन से संबंधित वैध बिल या सरकारी दस्तावेज पेश नहीं किए गए। हालांकि, पूरे मामले की पुष्टि पुलिस की जांच और दस्तावेजों की जांच के बाद ही होगी।
अवैध कटाई के लिए ले जाने का आरोप
गौरक्षक टीम ने आरोप लगाया कि गोवंश को पठानकोट और जम्मू के इलाकों में अवैध कटाई तथा मांस की सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा था। फिलहाल यह टीम की ओर से लगाया गया आरोप है और इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद संबंधित थाने की पुलिस और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पिकअप वाहनों को कब्जे में लिया और एक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, बरामद गोवंश और पकड़े गए चालक से पूछताछ के साथ दोनों वाहनों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

