जालंधर -(मनदीप कौर)- शहर के अटारी बाजार से चोरी का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि अटारी बाजार स्थित Punjabi Jutti Corner नाम की दुकान को चोरों ने दोबारा निशाना बनाया है।
मिली जानकारी के अनुसार, दुकान में चोरी की सूचना पीड़ित परिवार को राहगीरों के माध्यम से मिली। इसके बाद जब परिवार दुकान पर पहुंचा तो शटर का कुछ हिस्सा टूटा हुआ मिला और उसे एक तरफ रखा गया था। बताया जा रहा है कि शटर का कुछ हिस्सा चोर अपने साथ भी ले गए।

दुकान मालिक के अनुसार, चोर दुकान के गल्ले से करीब 20 हजार रुपये की नकदी ले गए हैं। इसके अलावा दुकान में रखा कुछ सामान भी चोरी होने की बात कही जा रही है। चोरी के बाद इलाके में दुकानदारों में चिंता का माहौल है।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस की ओर से आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा सकती है, ताकि चोरी करने वालों की पहचान हो सके।
फिलहाल चोरी हुए सामान और नकदी की कुल कीमत का पूरा विवरण सामने नहीं आया है। पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।

