जालंधर -(मनदीप कौर)- कपूरथला रोड पर दुकान के बाहर खड़ी एक्टिवा चोरी करने के शक में एक युवक को दुकानदारों द्वारा पकड़कर मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक को पकड़ने के बाद उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया गया और भागने से रोकने के लिए उसे लोहे के गेट से रस्सी के सहारे बांध दिया गया। घटना के बाद मौके पर हंगामा हो गया और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, पकड़े गए युवक की पहचान विक्की, निवासी सुल्तानपुर इलाके के रूप में बताई जा रही है। दुकानदारों का आरोप है कि युवक दुकान के बाहर खड़ी एक्टिवा को चोरी करने की फिराक में था। शक होने पर दुकानदारों ने उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया।

युवक ने चोरी के आरोपों से किया इनकार
वहीं, युवक विक्की ने अपने ऊपर लगे एक्टिवा चोरी के आरोपों को खारिज किया है। उसका कहना है कि वह सुल्तानपुर से दवाई लेने आया था और पैदल जा रहा था। युवक के अनुसार, दुकानदारों ने गलतफहमी के चलते उसे पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/jalandhar-50-lakh-loot-120-feet-road/
आरोप है कि मारपीट के दौरान युवक का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया गया। इसके बाद दुकानदारों ने उसे भागने से रोकने के लिए लोहे के गेट के साथ रस्सी से बांध दिया। घटना का एक वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है।
हंगामे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। इसके बाद पुलिस युवक को अपने साथ थाने ले गई और मामले की जांच शुरू कर दी।
घटना के दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई थी। स्थानीय लोगों ने इलाके में बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। लोगों का कहना था कि चोरी की घटनाओं पर समय रहते कार्रवाई और पुलिस गश्त बढ़ाई जानी चाहिए।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि युवक वास्तव में एक्टिवा चोरी करने की कोशिश में शामिल था या फिर गलतफहमी के चलते उसे पकड़ा गया।
नोट: युवक पर एक्टिवा चोरी करने का आरोप दुकानदारों की ओर से लगाया गया है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट होगी।

