जालंधर -(मनदीप कौर)- दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों के दर्शन करने की इच्छा रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए IRCTC की ओर से विशेष टूर पैकेज की घोषणा की गई है। इस यात्रा के तहत Jalandhar से Special Train के जरिए श्रद्धालुओं को दक्षिण भारत के 5 प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
IRCTC के संयुक्त महाप्रबंधक (पर्यटन, चंडीगढ़) हरदीप ने जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस विशेष धार्मिक यात्रा की जानकारी दी।

14 नवंबर से शुरू होगी यात्रा
जानकारी के मुताबिक Special Train 14 नवंबर को जम्मू से रवाना होगी और 12 रात व 13 दिन की यात्रा पूरी करने के बाद 26 नवंबर को वापस लौटेगी। पंजाब और आसपास के यात्रियों की सुविधा के लिए पठानकोट, अमृतसर, जालंधर सिटी, लुधियाना, अंबाला, चंडीगढ़, करनाल, पानीपत, सोनीपत, दिल्ली और ग्वालियर से बोर्डिंग और डी-बोर्डिंग की सुविधा रखी गई है।
यह भी पढ़े:-अरविंद केजरीवाल बने पार्टी के संयोजक, पंकज गुप्ता को बड़ी जिम्मेदारी
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को तिरुपति, रामेश्वरम, मदुरै, कन्याकुमारी और मल्लिकार्जुन समेत 5 प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
पैकेज में होटल से लेकर भोजन तक शामिल
यह एक फुली लोडेड ऑल-इन्क्लूसिव टूर पैकेज है। इसमें यात्रियों के लिए होटल में ठहरने, सुबह-शाम की चाय-नाश्ता, तीनों समय शुद्ध शाकाहारी भोजन, दर्शनीय स्थलों के भ्रमण के लिए बस और स्टेशन से होटल तक ट्रांसफर जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में 24 घंटे फर्स्ट-एड बॉक्स उपलब्ध रहेगा। जरूरत पड़ने पर अगले नजदीकी स्टेशन पर डॉक्टर की व्यवस्था भी की जाएगी।
तीन श्रेणियों में उपलब्ध है पैकेज
IRCTC ने इस यात्रा को तीन श्रेणियों में बांटा है।
- इकोनॉमी कैटेगरी: करीब ₹24,000 प्रति व्यक्ति
- स्टैंडर्ड कैटेगरी: ₹42,000 प्रति व्यक्ति
- कंफर्ट कैटेगरी: ₹56,000 प्रति व्यक्ति
इकोनॉमी पैकेज में नॉन-एसी बस और नॉन-एसी होटल की सुविधा होगी। स्टैंडर्ड कैटेगरी में एसी होटल और नॉन-एसी बस मिलेगी, जबकि कंफर्ट कैटेगरी में एसी होटल के साथ एसी बस की सुविधा दी जाएगी।
ट्रेन में इकोनॉमी कैटेगरी की 480, थर्ड एसी की 210 और सेकंड एसी की 50 सीटें उपलब्ध बताई गई हैं।
ऑनलाइन कर सकते हैं बुकिंग
इच्छुक श्रद्धालु IRCTC की आधिकारिक पर्यटन वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। ऑफलाइन बुकिंग के लिए चंडीगढ़ स्थित IRCTC क्षेत्रीय कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
अधिकारियों के मुताबिक कैंसिलेशन की स्थिति में 15 दिन पहले रद्द करने पर ₹250 प्रति व्यक्ति शुल्क, 8 से 14 दिन पहले 50 प्रतिशत और 4 से 7 दिन पहले रद्द करने पर 75 प्रतिशत शुल्क काटा जाएगा। 4 दिन से कम समय रहने पर रिफंड नहीं दिया जाएगा।
जालंधर और आसपास के श्रद्धालुओं के लिए यह धार्मिक यात्रा दक्षिण भारत के प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन का एक सुविधाजनक विकल्प साबित हो सकती है।

