बटाला -(मनदीप कौर)- भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे गुरदासपुर सेक्टर में ड्रोन गतिविधि सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। जानकारी के मुताबिक, डेरा बाबा नानक क्षेत्र से जुड़े बीएसएफ के BOP 113 के जवानों ने देर रात सीमा के पास ड्रोन की गतिविधि देखी।
इसके बाद BSF जवानों ने पंजाब पुलिस के साथ मिलकर इलाके में तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान भारतीय क्षेत्र में पाकिस्तान की ओर से आए एक ड्रोन को बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है।

अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने दो आधुनिक पिस्टल और तीन मैगजीन भी बरामद की हैं। बरामदगी के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई और सीमा से जुड़े क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पाकिस्तान की ओर से होने वाली ड्रोन गतिविधियों और संभावित हथियार तस्करी पर सुरक्षा एजेंसियां लगातार नजर रख रही हैं। हाल के दिनों में पंजाब की सीमा से ड्रोन के जरिए हथियार और नशीले पदार्थ भेजे जाने के कई मामले सामने आए हैं।
इस मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद हथियार किसके लिए भेजे गए थे और इनके पीछे सीमा पार बैठे किसी नेटवर्क की भूमिका है या नहीं।

