कनाडा- कनाडा के एडमिंटन स्थित नानकसर साहिब गुरुद्वारे में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यक्ति कथित तौर पर परिसर में घुस आया और अंदर उत्पात मचाने लगा। मामला 21 अगस्त की सुबह करीब 5 बजे का बताया जा रहा है।
गुरुद्वारे के प्रधान जोरा सिंह के अनुसार, आरोपी जब गुरु ग्रंथ साहिब जी की तरफ बढ़ने लगा तो वहां मौजूद सेवादारों ने उसे रोकने की कोशिश की। इसी दौरान आरोपी ने अपने पास रखे पेचकस से हमला कर दिया, जिसमें दो सेवादार घायल हो गए।

संगत ने हमलावर को घेरा
हमले के बाद गुरुद्वारे में मौजूद संगत और युवाओं ने तुरंत मोर्चा संभाला और आरोपी को काबू कर लिया। इस दौरान एक युवती ने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
यह भी पढ़े:-नौकरी दिलाने के नाम पर रिश्वत का खेल! 50 हजार लेते दो कर्मचारी रंगे हाथ गिरफ्तार
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक आरोपी की उम्र 27 वर्ष बताई जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार, वह पहले भी एक गंभीर हमले और पुलिस अधिकारी पर हमले के मामले में जेल की सजा काट चुका था। रिहाई के बाद उसे हफ्ते के अंत में दोबारा रिपोर्ट करना था, लेकिन वह वहां नहीं पहुंचा।
दो सेवादार घायल, एक को मिली छुट्टी
हमले में घायल हुए दोनों सेवादारों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। इनमें से एक को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि दूसरे का अस्पताल में इलाज जारी बताया गया है।
घटना के बाद स्थानीय सिख समुदाय में रोष है। संगत ने प्रशासन से पूरे मामले की गहराई से जांच करने और आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
गुरुद्वारा साहिब पूरी तरह सुरक्षित
प्रधान जोरा सिंह ने स्पष्ट किया कि घटना के बावजूद गुरु ग्रंथ साहिब जी पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना के बाद गुरुद्वारा साहिब को संगत के लिए दोबारा खोल दिया गया।
स्थानीय समुदाय ने सवाल उठाया है कि धार्मिक स्थलों पर इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत क्यों नहीं किया जाता। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायल सेवादारों के बयान भी जांच का अहम हिस्सा होंगे।

