बरनाला, पंजाब-(मनदीप कौर)-पंजाब में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताज़ा मामला बरनाला जिले से सामने आया है, जहां आज सुबह तीन प्रमुख स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिलने से पूरे इलाके में डर और दहशत का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, यह धमकी टंडन इंटरनेशनल स्कूल, वाई.एस. ग्रुप ऑफ स्कूल्स और आर्यभट्ट स्कूल को दी गई। ईमेल मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन, अभिभावकों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
स्कूल डायरेक्टर ने दी जानकारी
टंडन इंटरनेशनल स्कूल के डायरेक्टर शिव सिंगला ने बताया कि जब उन्होंने सुबह स्कूल की आधिकारिक ईमेल चेक की, तो उसमें बम धमाके की धमकी मिली। आगे जांच करने पर पता चला कि यही ईमेल शहर के अन्य दो प्रमुख स्कूलों को भी भेजी गई है।
पुलिस तुरंत हुई सक्रिय
घटना की सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने तुरंत जिला पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने बिना देर किए एक्शन लेते हुए तीनों स्कूलों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी और जांच शुरू कर दी।
जिला पुलिस प्रमुख मोहम्मद सरफराज आलम ने बताया कि हाल ही में अन्य जगहों से भी इस तरह के गुमनाम धमकी भरे ईमेल सामने आए हैं, जो ज्यादातर फर्जी साबित हुए हैं।
जांच जारी, साइबर सेल की मदद
एसएसपी ने कहा कि भले ही यह किसी शरारती तत्व की हरकत लग रही हो, लेकिन पुलिस इसे गंभीरता से ले रही है। एहतियात के तौर पर विशेष पुलिस टीमें स्कूलों में भेजी गई हैं और सर्च ऑपरेशन जारी है।
पुलिस साइबर सेल की मदद से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
लोगों से अपील
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और जांच जारी है।

