अमृतसर -(मनदीप कौर)- जिले के रोड़ी वाला के निकटवर्ती इलाके में 27 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान परिवार द्वारा बताई गई है। परिजनों का आरोप है कि युवक पर करीब 15-16 लोगों ने धारदार हथियारों से हमला किया, जिसके बाद उसकी हालत गंभीर हो गई।
बैटरी रिक्शा चलाकर परिवार का करता था गुजारा

परिवार के अनुसार मृतक करीब 27 साल का था और अभी अविवाहित था। वह ई-रिक्शा यानी बैटरी रिक्शा चलाकर अपने परिवार का गुजारा करता था। परिजनों का कहना है कि इलाके के ही एक युवक ने उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गया था।
यह भी पढ़े –राम रहीम को फिर मिली पैरोल, 21 दिन के लिए जेल से बाहर आएंगे डेरा प्रमु
इसके बाद देर रात युवक का कुछ लोगों के साथ विवाद हो गया। परिवार का आरोप है कि विवाद के दौरान उस पर कई लोगों ने हमला कर दिया और धारदार हथियारों से लगातार वार किए गए।
शरीर पर कई वार के निशान होने का परिवार का दावा
परिजनों ने दावा किया कि युवक के शरीर पर बड़ी संख्या में चोटों के निशान थे। गंभीर हालत में उसे अमृतसर के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों ने मामले को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।
परिवार ने की निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग
परिवार का कहना है कि घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आनी चाहिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच करने की मांग की है।
परिजनों ने मांग की है कि जांच के दौरान जो भी व्यक्ति घटना के लिए जिम्मेदार पाया जाए, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
पुलिस जांच के बाद सामने आएगी पूरी सच्चाई
फिलहाल इस मामले में परिवार की ओर से गंभीर आरोप लगाए गए हैं। घटना की वास्तविक वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

