कपूरथला -(मनदीप कौर)- जिले के थाना सुभानपुर के अंतर्गत गांव बूट में किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों के करीब 8 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान भी दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए।
अस्पताल की इमरजेंसी में मचा हंगामा

जानकारी के मुताबिक, देर शाम गांव बूट से दोनों पक्षों के करीब 8 से 10 लोग घायल अवस्था में सिविल अस्पताल पहुंचे थे। डॉक्टरों ने घायलों का इलाज शुरू किया और गंभीर स्थिति वाले घायलों को आगे के उपचार के लिए दूसरे अस्पतालों में रेफर कर दिया।
यह भी पढ़े:-पंचकूला में भीषण सड़क हादसा, पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार
इसी दौरान दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में अस्पताल की इमरजेंसी में जमा हो गए। देखते ही देखते वहां भी विवाद बढ़ गया और इमरजेंसी वार्ड में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
अस्पताल में हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस को सूचित किया गया। इसके बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ डीएसपी डॉ. शीतल सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों के लोगों को समझाकर शांत करवाया और अस्पताल में दोबारा किसी तरह का विवाद न करने की हिदायत दी।
गांव के विवाद की जांच में जुटी पुलिस
डीएसपी डॉ. शीतल सिंह के अनुसार, थाना सुभानपुर के गांव बूट में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान दोनों पक्षों के कुछ लोग घायल हुए और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में भी दोनों पक्षों के लोगों के बीच विवाद की स्थिति बन गई थी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को सामान्य कर दिया है। मामले की जांच थाना सुभानपुर पुलिस द्वारा की जा रही है। जांच और घायलों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

