चंडीगढ़ -(मनदीप कौर)- चंडीगढ़ में जन्माष्टमी कार्यक्रम के लिए नाटक की रिहर्सल करने जा रहे दो युवकों पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में एक युवक की आंख के नीचे गंभीर चोट लगी है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

पीछे से आवाज देकर रोका, फिर शुरू कर दिया हमला
जानकारी के मुताबिक दोनों युवक जन्माष्टमी के कार्यक्रम की तैयारी के लिए नाटक की रिहर्सल करने जा रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने पीछे से आवाज देकर उन्हें रोका और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। कुछ ही देर में उसका एक साथी चाकू लेकर मौके पर पहुंच गया।
इसके बाद दोनों ने युवकों पर हमला कर दिया। हमले में एक युवक की आंख के नीचे गंभीर चोट लगी। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही इंडस्ट्रियल एरिया थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सतनाम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ पीड़ित युवकों से पूछताछ की। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े आरोपियों की तलाश और घटना के कारणों की जांच कर रही है।
दविंदर सिंह बबला ने नशे की समस्या पर उठाए सवाल
घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्रीय पार्षद और पूर्व मेयर हरप्रीत कौर बबला के पति दविंदर सिंह बबला भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने सेक्टर-29 और आसपास के इलाकों में नशे की समस्या को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए।
बबला का आरोप है कि इलाके में नशे की समस्या गंभीर है और नशे के आदी युवकों द्वारा लोगों पर हमला करने की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि पहले भी पुलिस को इस संबंध में शिकायतें दी गई थीं और कथित तौर पर कुछ युवकों के नाम भी बताए गए थे।
‘कार्रवाई नहीं हुई तो वरिष्ठ अधिकारियों से मिलेंगे’
दविंदर सिंह बबला ने कहा कि अगर पुलिस को नशे से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होती है, तो इससे ऐसे लोगों का हौसला बढ़ता है। उन्होंने सेक्टर-29 और आसपास के क्षेत्रों में नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वह वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर मामले को उठाएंगे।

