जालंधर -(मनदीप कौर)- पंजाब की राजनीति में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले दल-बदल का दौर तेज होता दिखाई दे रहा है। इसी बीच जालंधर से आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका लगने की चर्चा सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, जालंधर से जुड़े AAP के हलका इंचार्ज को भाजपा में शामिल कराने की तैयारी चल रही है। इतना ही नहीं, आने वाले दिनों में एक मौजूदा विधायक के भी BJP का दामन थामने की अटकलें तेज हो गई हैं।
BJP में शामिल हो सकते हैं AAP के हलका इंचार्ज

जानकारी के अनुसार, भाजपा पंजाब प्रधान केवल ढिल्लों की अगुवाई में AAP के एक हलका इंचार्ज को भाजपा में शामिल कराने की कवायद चल रही है। बताया जा रहा है कि इसे लेकर होटल में कुछ समय तक बैठक भी हुई।
यह भी पढ़े:-जालंधर BJP में बड़ी कार्रवाई, अरविंद मिश्रा पार्टी से निष्कासित; सामने आई वजह
सूत्रों के अनुसार, संबंधित नेता को भाजपा में शामिल कराने को लेकर बातचीत अंतिम दौर में पहुंच चुकी है। हालांकि, अभी तक भाजपा या संबंधित नेता की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
विधायक के BJP में जाने की भी चर्चा
सूत्रों का दावा है कि आने वाले कुछ दिनों में AAP का एक विधायक भी भाजपा में शामिल हो सकता है। इस संभावित राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर पंजाब की सियासत में हलचल बढ़ गई है।
बताया जा रहा है कि संबंधित विधायक को भाजपा की ओर से 2027 विधानसभा चुनाव में टिकट देने का भरोसा भी दिया गया है। ऐसे में यदि यह बदलाव होता है तो जालंधर की राजनीति पर इसका सीधा असर पड़ सकता है।
हलका इंचार्ज पद से हटाए जाने से नाराजगी?
सूत्रों के मुताबिक, संबंधित नेता को हलका इंचार्ज के पद से हटाए जाने के बाद नाराजगी चल रही थी। इसी बीच भाजपा के साथ नजदीकियां बढ़ने की चर्चा सामने आई है।
हालांकि, कौन-सा विधायक भाजपा में शामिल होगा और AAP के किस हलका इंचार्ज को BJP में शामिल कराया जा रहा है, इसे लेकर अभी आधिकारिक तौर पर कोई नाम सामने नहीं आया है।
2027 चुनाव से पहले बढ़ेगी सियासी हलचल
पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले नेताओं के पाला बदलने की चर्चाओं ने राजनीतिक दलों की चिंता बढ़ा दी है। जालंधर में यदि AAP के किसी विधायक या प्रमुख नेता का भाजपा में जाना तय होता है, तो इसका आगामी चुनावी समीकरणों पर असर देखने को मिल सकता है।
फिलहाल सभी की नजरें भाजपा और AAP की ओर से आने वाले आधिकारिक बयान पर टिकी हैं।

