फिरोजपुर -(मनदीप कौर)- पंजाब में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में फिरोजपुर जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 महिलाओं समेत 9 आरोपियों को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग मामलों में हेरोइन बरामद की है और उनके खिलाफ NDPS Act के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दबुरजी बांध के पास 3.42 ग्राम हेरोइन बरामद

थाना आरिफ के सब-इंस्पेक्टर दर्शन सिंह के मुताबिक पुलिस पार्टी गांव अकु वाला दरिया के बांध पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया।
शक के आधार पर उसे काबू कर तलाशी ली गई तो उसके पास से 3.42 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शेरा पुत्र वजीर बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मल्लांवाला पुलिस ने 6 ग्राम हेरोइन पकड़ी
दूसरी कार्रवाई थाना मल्लांवाला पुलिस की ओर से की गई। सब-इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह के अनुसार पुलिस गश्त के दौरान शमशानघाट मल्लांवाला के पास मौजूद थी।
इसी दौरान शक के आधार पर विक्की पुत्र सतपाल को काबू किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 6 ग्राम हेरोइन बरामद होने का दावा पुलिस ने किया है।
मक्खू पुलिस ने 4 ग्राम हेरोइन की बरामद
थाना मक्खू के हेड कांस्टेबल लवप्रीत सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी गश्त कर रही थी। इसी दौरान दाना मंडी कुतुबपुरा में मोड़ा पुत्र राजू नामक व्यक्ति को शक के आधार पर रोका गया।
तलाशी लेने पर उसके पास से 4 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना मक्खू में NDPS Act के तहत मामला दर्ज किया गया है।
3 महिलाओं समेत 4 आरोपी 16 ग्राम हेरोइन के साथ काबू
थाना सिटी पुलिस की कार्रवाई में 3 महिलाओं समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सब-इंस्पेक्टर रजनी रानी के मुताबिक पुलिस पार्टी को गुप्त सूचना मिली थी कि अमर उर्फ कम्बी, उसकी पत्नी निशा, रानी उर्फ माहनी और सलीम उर्फ सलीमी वासी बस्ती आवा शहर में हेरोइन बेचने का कथित तौर पर काम करते हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने ट्रेंड विला पैलेस के पीछे झाड़ियों में छापेमारी की। यहां से चारों आरोपियों को काबू कर 16 ग्राम हेरोइन बरामद करने का दावा किया गया।
अली के बांध से 5 ग्राम हेरोइन बरामद
थाना सदर पुलिस ने भी नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मलकीत सिंह नामक आरोपी को अली के बांध पर काबू किया। पुलिस के अनुसार उसके पास से 5 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसने यह हेरोइन बलजीत सिंह पुत्र लाभ सिंह से ली थी। इसके बाद पुलिस ने बलजीत सिंह को भी नामजद कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने शुरू की नेटवर्क की जांच
फिरोजपुर पुलिस ने इन सभी मामलों में NDPS Act के तहत केस दर्ज कर लिए हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि नशीला पदार्थ उन्हें कहां से मिला और इसके पीछे किसी बड़े सप्लाई नेटवर्क की भूमिका है या नहीं।
पुलिस की ओर से आरोपियों के संपर्क और नशे की सप्लाई से जुड़े लिंक की भी जांच की जा रही है।

