जालंधर -(मनदीप कौर)- जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे और अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से 60 ग्राम हेरोइन और दो अवैध पिस्तौल बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजा निवासी वैहरा, सुडामा विहार, जालंधर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जमशेर रोड पर पुलिस टीम कर रही थी गश्त
पुलिस के अनुसार थाना डिवीजन नंबर-7 के प्रभारी इंस्पेक्टर रविंदर कुमार की टीम के एएसआई सतिंदर कुमार पुलिस पार्टी के साथ जमशेर रोड इलाके में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहे थे।

इसी दौरान जमशेर रोड की तरफ से पैदल आ रहा एक युवक पुलिस टीम को देखकर घबरा गया और भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे काबू कर लिया।
तलाशी के दौरान हेरोइन और हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसके पास से 60 ग्राम हेरोइन, 2,500 रुपये की ड्रग मनी और .315 बोर का देसी पिस्तौल बरामद किया गया।
पुलिस जांच के दौरान बाद में आरोपी से एक अन्य .32 बोर का देसी पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद होने की जानकारी सामने आई।
NDPS और Arms Act के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना डिवीजन नंबर-7 में FIR नंबर 198 दर्ज की है। आरोपी के खिलाफ NDPS Act और Arms Act की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और नशे तथा अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस खंगाल रही सप्लाई नेटवर्क
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बरामद हेरोइन और हथियार उसे कहां से मिले तथा इस नेटवर्क में उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

