जालंधर -(मनदीप कौर)- जालंधर में घर में चोरी का मामला सामने आया है। थाना लांबड़ा के अधीन आने वाले एक गांव में देर रात चोर घर की खिड़की तोड़कर अंदर दाखिल हुए और अलमारी से सोने के गहने व नकदी लेकर फरार हो गए।
परिवार के मुखिया गुरमीत राम ने बताया कि वह आमतौर पर सुबह करीब 5 से सवा 5 बजे के बीच उठते हैं। शनिवार सुबह जब वह कमरे से बाहर निकलने के लिए दरवाजा खोलने लगे तो दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद उन्हें कुछ अनहोनी का शक हुआ।

यह भी पढ़े:- https://chardapunjabtv.com/patiala-scorpio-fire-jain-petrol-pump/
जोर लगाने पर दरवाजा खुला तो बाहर एक मेज रखी मिली। कमरे में जाकर देखा तो अलमारी खुली हुई थी और कपड़े बिखरे पड़े थे। जांच करने पर घर से सोने के गहने और नकदी गायब मिली।
परिवार के मुताबिक, चोर करीब 2 तोले सोने के गहने और 40 हजार रुपये नकद लेकर फरार हुए हैं। चोरी हुए सामान में सोने की चेन, अंगूठियां और टॉप्स शामिल बताए गए हैं।
परिवार ने बताया कि घर में शादी के लिए काफी समय से नकदी एकत्रित करके रखी गई थी। गुरमीत राम के एक बेटे की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरे बेटे की शादी होनी है। इसी शादी के लिए उन्होंने करीब 40 हजार रुपये जमा करके रखे थे।
परिवार को शक है कि चोर घर के आसपास की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। वारदात के बाद गीली मिट्टी पर चोरों के पैरों के निशान भी दिखाई दिए। परिवार का कहना है कि चोर नंगे पैर घर में दाखिल हुए और आसपास के घरों की CCTV फुटेज भी जांची जा रही है।
गुरमीत राम ने बताया कि वारदात के समय वह पास वाले कमरे में सो रहे थे। खिड़की का शीशा टूटने की आवाज भी उन्हें सुनाई दी, लेकिन उन्होंने इसे सामान्य आवाज समझकर नजरअंदाज कर दिया।
जालंधर में घर में चोरी की इस वारदात की शिकायत थाना लांबड़ा पुलिस को दे दी गई है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से चोरों को जल्द गिरफ्तार करने और चोरी हुआ सामान बरामद करवाने की मांग की है।

