जालंधर -(मनदीप कौर)- जालंधर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भगत सिंह कॉलोनी के पास बाईपास हाईवे पर तेज रफ्तार Swift कार सड़क पर खड़े कैंटर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, Swift कार जालंधर से अमृतसर की तरफ जा रही थी। इसी दौरान भगत सिंह कॉलोनी के पास हाईवे पर एक कैंटर खड़ा हुआ था। तेज रफ्तार कार पीछे से कैंटर में जा टकराई।

यह भी पढ़े:- https://chardapunjabtv.com/karnal-encounter-beeru-valmiki-murder-accused/
हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त
टक्कर इतनी जोरदार थी कि Swift कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार की छत टूटकर अलग हो गई और नंबर प्लेट भी दूर जा गिरी। हादसे के बाद कार के एयरबैग भी खुल गए।
बताया जा रहा है कि कार में तीन युवक सवार थे। इनमें से दो युवकों के शव कार की फ्रंट सीट में फंस गए, जबकि एक युवक सड़क पर जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे शवों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसा सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि हाईवे पर कैंटर खड़ा था और इसी दौरान पीछे से आ रही Swift कार उससे टकरा गई।
कैंटर चालक मौके से फरार
हादसे के बाद कैंटर चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू करवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस हादसे के कारणों और कैंटर चालक की भूमिका की जांच कर रही है।

