करनाल:-(मनदीप कौर)- हरियाणा के करनाल में बीरू वाल्मीकि हत्याकांड के दो मुख्य आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान मार गिराया। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर CIA की टीम ने गोगड़ीपुर गांव के पास घेराबंदी की। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस पर AK-47 राइफल से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की।


पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में दोनों आरोपी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान हर्ष (24) और बीरबल (29) के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और एफएसएल टीम पहुंची तथा साक्ष्य जुटाए गए।
यह भी पढ़े:- https://chardapunjabtv.com/charkhi-dadri-firing-news/
जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपी हाल ही में हुए बीरू वाल्मीकि हत्याकांड में वांछित थे। हत्या के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया था और परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने बिना चेतावनी पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी।
फिलहाल पुलिस बरामद हथियारों, फायरिंग से जुड़े सबूतों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है।

