पठानकोट -(मनदीप कौर)- जिले में साइबर क्राइम का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां कथित तौर पर एक व्यक्ति के क्रिप्टोकरेंसी वॉलेट का गलत तरीके से एक्सेस लेकर करीब ₹58 लाख निकाल लिए गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस की तकनीकी टीम ने करीब एक महीने तक जांच की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
क्रिप्टो वॉलेट का एक्सेस लेकर निकाले ₹58 लाख

पठानकोट साइबर क्राइम पुलिस के अनुसार, शिकायत मिली थी कि किसी व्यक्ति ने ऑनलाइन क्रिप्टोकरेंसी से जुड़े वॉलेट का गलत तरीके से एक्सेस हासिल कर उसमें से 58 लाख रुपये की क्रिप्टोकरेंसी निकाल ली।
यह भी पढ़े:-अंबेडकर प्रतिमा से छेड़छाड़ के विरोध में जालंधर बंद, कल 9 से 5 बजे तक रहेगा शहर बंद
जांच के दौरान पुलिस की तकनीकी टीम ने ट्रांजेक्शन और डिजिटल गतिविधियों को खंगाला। जांच में सामने आया कि क्रिप्टोकरेंसी को एक वॉलेट से दूसरे वॉलेट में ट्रांसफर किया गया था।
तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने डिजिटल ट्रांजेक्शन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया आरोपी पठानकोट का ही रहने वाला बताया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस की ओर से की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से की साइबर फ्रॉड की शिकायत दर्ज कराने की अपील
पठानकोट साइबर क्राइम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर उनके साथ किसी भी तरह की ऑनलाइन ठगी या साइबर फ्रॉड होता है तो इसकी शिकायत तुरंत पुलिस के पास दर्ज करवाएं। समय पर शिकायत मिलने से डिजिटल लेनदेन को ट्रेस करने और आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।

