जालंधर -(मनदीप कौर)- लुधियाना में बाबा साहेब डॉ. बीआर अंबेडकर की प्रतिमा से छेड़छाड़ की घटना के विरोध में बुधवार को जालंधर में कांग्रेस की अगुवाई में रोष मार्च निकाला गया। यह मार्च भगवान वाल्मीकि चौक से डॉ. बीआर अंबेडकर चौक तक निकाला गया, जिसमें कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने घटना के खिलाफ रोष जताया।
शहरी कांग्रेस के अनुसार, लुधियाना के जालंधर बाईपास चौक पर स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा से कथित तौर पर छेड़छाड़ की घटना से लोगों में भारी नाराजगी है। कांग्रेस नेताओं ने इसे बेहद निंदनीय घटना बताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

राजिंदर बेरी ने दिया 2 दिन का अल्टीमेटम
कांग्रेस नेता राजिंदर बेरी ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. बीआर अंबेडकर ने देश के संविधान का निर्माण किया और लोग उनका सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिमा से छेड़छाड़ की घटना से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।
राजिंदर बेरी ने प्रशासन से मांग की कि मामले में शामिल आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर दो दिन के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो कांग्रेस संघर्ष को और तेज करेगी।
बेरी ने कहा कि जरूरत पड़ने पर कांग्रेस की ओर से जालंधर समेत पूरे पंजाब में बंद का आह्वान भी किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में हाईकमान से भी बातचीत की जाएगी।
शेरी चड्ढा ने भी जताया रोष
कांग्रेस पार्षद शेरी चड्ढा ने भी घटना की निंदा करते हुए कहा कि बाबा साहेब डॉ. बीआर अंबेडकर ने देश को संविधान दिया और समाज के सभी वर्ग उनका सम्मान करते हैं।
उन्होंने कहा कि शराबी या शरारती तत्वों द्वारा बाबा साहेब की प्रतिमा के साथ की गई छेड़छाड़ बेहद निंदनीय है। उन्होंने प्रशासन से मामले में जल्द कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी भी की गई।
फिलहाल कांग्रेस ने प्रशासन को दो दिन का समय दिया है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में आरोपियों को कब तक गिरफ्तार करती है।

