जालंधर -(मनदीप कौर)- जालंधर के इस्लामाबाद इलाके में स्थित श्री सनातन धर्म महावीर मंदिर में चोरी की वारदात सामने आई है। जानकारी के मुताबिक बाइक पर आए दो व्यक्ति मंदिर में दाखिल हुए। इनमें से एक मंदिर के अंदर गया और शिवलिंग के पास स्थापित कांसे के नाग देवता को उठाकर झोले में डाल लिया। इसके बाद आरोपी तेजी से मंदिर से बाहर निकल गया।
मंदिर के आसपास लगे CCTV कैमरों में पूरी घटना कैद होने की बात सामने आई है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

कुछ महीने पहले भी मंदिर में हुई थी चोरी
बताया जा रहा है कि मंदिर में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। कुछ महीने पहले भी एक अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर के अंदर रखी दान पेटी को तोड़कर उसमें से नकदी चोरी कर ली थी। उस समय भी CCTV फुटेज सामने आई थी, लेकिन आरोपी का अभी तक पता नहीं चल पाया।
अब दोबारा मंदिर में चोरी होने से मंदिर प्रबंधन और इलाके के लोगों में चिंता बढ़ गई है।
बाइक पर आए थे दो व्यक्ति
मिली जानकारी के अनुसार वारदात के समय दो व्यक्ति मोटरसाइकिल पर मंदिर के पास पहुंचे। एक व्यक्ति मंदिर के अंदर गया, जबकि दूसरा बाहर रहा। मंदिर के अंदर पहुंचे व्यक्ति ने शिवलिंग के पास से कांसे का नाग उठाया और उसे अपने साथ ले गया।
घटना के बाद दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
मंदिरों में लगातार चोरी से सुरक्षा पर सवाल
मंदिर में दोबारा चोरी की घटना सामने आने के बाद इलाके में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिरों के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की जरूरत है।
फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही चोरी की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

