जालंधर -(मनदीप कौर)- अड्डा होशियारपुर स्थित मशहूर Bhatia Electric Store के मालिक के परिवार से 10 लाख रुपये की लूट का मामला सामने आया है। आरोप है कि सरण पाल सिंह कुछ देर पहले दुकान से घर के लिए निकले थे। रास्ते में उनकी गाड़ी का टायर पंचर हो गया, जिसके बाद वह कैसर पेट्रोल पंप पर रुक गए।
मिली जानकारी के अनुसार, सरण पाल सिंह ने गाड़ी से उतरकर टायर देखने के लिए पीछे की तरफ गए। इसी दौरान वहां मौजूद एक नाबालिग की गाड़ी की सीट पर रखा बैग कथित तौर पर लूट लिया गया। बैग में करीब 10 लाख रुपये बताए जा रहे हैं।

टायर पंचर होने के बाद पेट्रोल पंप पर रुकी गाड़ी
बताया गया है कि पीएनबी चौक रेड लाइट के पास गाड़ी का टायर पंचर होने के बाद सरण पाल सिंह कैसर पेट्रोल पंप पर पहुंचे थे। पंचर लगाने वाले ने उन्हें बताया कि टायर का पूरा प्रेशर खत्म हो चुका है।
इसके बाद सरण पाल सिंह ड्राइविंग सीट से उतरकर गाड़ी का टायर देखने पीछे की ओर गए। इसी दौरान मौका पाकर आरोपी ने नाबालिग की सीट पर रखा बैग उठा लिया और वहां से फरार हो गया।
बैग में रखे थे 10 लाख रुपये
परिजनों के अनुसार, बैग में करीब 10 लाख रुपये रखे हुए थे। घटना का पता चलते ही पुलिस को सूचना दी गई।
वारदात के बाद पेट्रोल पंप संचालकों की ओर से CCTV फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस भी मामले की जांच कर रही है और आरोपी की पहचान करने के लिए CCTV समेत अन्य सुरागों की मदद ली जा रही है।
फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। आरोपी कौन था और उसने किस तरह वारदात को अंजाम दिया, इसकी पूरी तस्वीर जांच के बाद ही साफ होगी।

