जालंधर -(मनदीप कौर )- जालंधर में गोऱयां रेलवे फाटक के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां ट्रेन की चपेट में आने से 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान रजिंदर, निवासी बस्ती शेख, जालंधर के रूप में हुई है। पुलिस को मृतक की जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान हो सकी।

रेलवे ट्रैक पर मिला शव
जीआरपी पुलिस चौकी इंचार्ज प्रेम नाथ के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि गोऱयां के पास रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की।
जांच के दौरान मृतक की जेब से आधार कार्ड और रेलवे टिकट बरामद हुआ। रेलवे टिकट के आधार पर पता चला कि वह अंबाला से जालंधर की ओर यात्रा कर रहा था।
हादसे की वजह जानने में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक मृतक ने काले रंग की पैंट और सफेद-काले चेक वाली कमीज पहन रखी थी। फिलहाल जीआरपी पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि व्यक्ति रेलवे ट्रैक पर किन परिस्थितियों में पहुंचा।
पुलिस ने शव को पहचान और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए 72 घंटे के लिए सिविल अस्पताल फिल्लौर की मोर्चरी में रखवा दिया है। वारिसों के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

