पंजाब-(मनदीप कौर)-उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में 24 घंटे के अंदर तीन लोगों की हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया। आरोपी की पहचान पंजाब के अमृतसर निवासी गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पहले सेना में सिपाही था, लेकिन साल 2021 में उसे नौकरी से हटा दिया गया था।
पुलिस जांच के मुताबिक आरोपी ने सबसे पहले ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री को गोली मारी। इसके बाद दूसरी ट्रेन में भी एक यात्री की हत्या कर दी। सोमवार सुबह उसने अस्पताल में भर्ती एक महिला को भी गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
अस्पताल में हुई यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। घटना के बाद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में पता चला कि नौकरी छूटने और शराब की लत के कारण वह मानसिक तनाव में रहने लगा था।
पुलिस का कहना है कि आरोपी पिछले कुछ दिनों से अलग-अलग ट्रेनों में घूम रहा था और बिना किसी वजह लोगों को निशाना बना रहा था। इलेक्ट्रॉनिक सबूत और लोकेशन हिस्ट्री के आधार पर तीनों हत्याओं में उसकी भूमिका सामने आई।
घटनास्थल की निशानदेही के दौरान आरोपी ने एक पुलिसकर्मी की पिस्तौल छीनकर भागने की कोशिश की। इस दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे गोली मार दी। घायल हालत में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। पुलिस ने आरोपी के पास से हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। मामले की जांच जारी है।

