जालंधर -(मनदीप कौर)- देशभर में बैंक कर्मचारी आज 11 सितंबर 2026 को एक दिवसीय हड़ताल पर हैं। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर यह हड़ताल की जा रही है। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में सप्ताह में 5 दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करना और Performance Linked Incentive (PLI) से जुड़े मुद्दों का समाधान शामिल है।
हड़ताल के कारण खास तौर पर बैंक शाखाओं में होने वाले काम प्रभावित हो सकते हैं। ग्राहकों को कैश लेनदेन, चेक प्रोसेसिंग, KYC, दस्तावेज जमा करने और अन्य शाखा-आधारित सेवाओं में परेशानी या देरी का सामना करना पड़ सकता है। वहीं UPI, ATM, मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की उम्मीद है।

यह भी पढ़े:-बहबल कलां गोलीकांड: सुखबीर बादल से आज SIT की पूछताछ, 3 महीने में दूसरी बार बुलाया
बैंक कर्मचारी संगठनों का कहना है कि 5 दिन की बैंकिंग व्यवस्था का मुद्दा लंबे समय से लंबित है। AIBEA के मुताबिक, सरकार और बैंक प्रबंधन के साथ बातचीत के बावजूद 5 Days Banking को लेकर कोई ठोस समयसीमा नहीं मिली, जिसके बाद 11 सितंबर की हड़ताल जारी रखने का फैसला किया गया।
वहीं बैंक यूनियनों ने आगे भी आंदोलन का कार्यक्रम घोषित किया है। 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय हड़ताल प्रस्तावित है। इसके अलावा मांगों पर समाधान नहीं होने की स्थिति में 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गई है।
ग्राहकों के लिए सलाह है कि जरूरी बैंकिंग काम पहले से निपटा लें और जहां संभव हो, डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं का इस्तेमाल करें।

