मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए आयोजित होने वाली NEET UG 2026 परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। यह फैसला पेपर लीक और गड़बड़ियों के आरोप सामने आने के बाद लिया गया। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने कहा है कि नई परीक्षा तिथियों का ऐलान जल्द किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार 3 मई 2026 को आयोजित हुई परीक्षा जांच के घेरे में आ गई थी। कई राज्यों से पेपर लीक और संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिलने के बाद केंद्र सरकार ने मामले को गंभीरता से लिया। इसके बाद जांच की जिम्मेदारी सीबीआई को सौंप दी गई है।
NTA ने अपने बयान में साफ किया है कि परीक्षा रद्द करने का फैसला सरकार की मंजूरी के बाद लिया गया। एजेंसी ने यह भी कहा कि छात्रों को दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी। पुराने रजिस्ट्रेशन के आधार पर ही दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी।
पेपर लीक विवाद के बाद लाखों छात्रों और अभिभावकों में नाराजगी देखने को मिली। सोशल मीडिया पर भी परीक्षा की पारदर्शिता को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। अब सभी उम्मीदवार नई परीक्षा तारीख और आधिकारिक अपडेट का इंतजार कर रहे हैं।

