पंजाब-राजस्थान सीमा पर शनिवार को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में बड़ी सफलता हाथ लगी। राजस्थान पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक वारदात को समय रहते नाकाम करते हुए पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी राजस्थान में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
जानकारी के मुताबिक, बल्लूआना विधानसभा क्षेत्र के गांव कुलार से धिंगतानिया पुल की ओर जा रहे संदिग्ध बदमाशों की सूचना मिलने पर राजस्थान पुलिस ने पंजाब-राजस्थान बॉर्डर पर सख्त नाकेबंदी कर रखी थी। जैसे ही बदमाशों की कार नाके पर पहुंची, पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/sonam-wangchuk-health-update-hunger-strike/
पुलिस से बचकर भागने की कोशिश में पांचों बदमाश धिंगतानिया पुल से नीचे गिर गए, जिससे वे घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत सादुलशहर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 पिस्टल, करीब एक दर्जन जिंदा कारतूस और एक कार बरामद की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार बदमाशों के खिलाफ पहले से हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस का यह भी कहना है कि कुछ दिन पहले खेरूवाला और छापावाली क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में भी इन आरोपियों का नाम सामने आया था। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वे किस बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।

