मोहाली -(मनदीप कौर)- राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने जालंधर के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नवदीप सिंह उर्फ रोजर संधू के घर हुए ग्रेनेड हमले के मामले में पाकिस्तान से जुड़े आरोपी शहजाद भुट्टी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी कराया है। यह वारंट मोहाली स्थित विशेष NIA अदालत ने जारी किया है। एजेंसी का कहना है कि आरोपी फिलहाल भारत से बाहर छिपा हुआ है और उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई तेज की जाएगी।
यह मामला 16 मार्च 2025 का है, जब जालंधर के मकसूदां क्षेत्र में नवदीप सिंह के घर की बालकनी में एक संदिग्ध वस्तु मिली थी। जांच में वह हैंड ग्रेनेड निकला। शुरुआती जांच पंजाब पुलिस ने की, लेकिन बाद में मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच NIA को सौंप दी गई।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/jassee-gill-mother-passes-away-last-rites-punjab/
जांच के दौरान एजेंसी को ऐसे सबूत मिले, जिनसे पता चला कि शहजाद भुट्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए इन्फ्लुएंसर पर आर्थिक दबाव बनाने की कोशिश की थी। आरोप है कि मांगें पूरी न होने पर भारत में मौजूद अपने नेटवर्क के जरिए हमले की साजिश रची गई।
NIA के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया कि पाकिस्तान के मोबाइल नंबर से संचालित एक व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए आरोपियों के बीच संपर्क बनाया गया और कथित तौर पर हमले की योजना तैयार की गई। एजेंसी का दावा है कि शहजाद भुट्टी फिलहाल ब्राजील में छिपा हुआ है और वहीं से भारत विरोधी गतिविधियों को संचालित कर रहा है।
विशेष अदालत से गैर-जमानती वारंट मिलने के बाद अब NIA इंटरपोल से रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने और आरोपी के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया आगे बढ़ा सकती है। एजेंसी का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी तक यह वारंट प्रभावी रहेगा।

