संगरूर: -( मनदीप कौर)- पंजाब में फायरिंग की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। संगरूर में देर रात एक बार फिर गोलियां चलने की घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक नानकियाना साहिब चौक के पास करीब रात 12:40 बजे कुछ नौजवानों ने कार सवारों को निशाना बनाते हुए फायरिंग की।
बताया जा रहा है कि 5 बाइक सवार नौजवानों ने कार सवारों पर गोलियां चलाईं। घटना के बाद मौके पर सड़क पर गोलियों के खोल भी दिखाई दिए। फायरिंग की यह पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार देर रात उन्हें शोर सुनाई दिया था, लेकिन सुबह उन्हें गोलियां चलने की घटना का पता चला। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर फायरिंग करने वाले युवकों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल घटना के पीछे की वजह को लेकर जांच जारी है।
पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज
फायरिंग की घटना के बाद पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

