फिरोजपुर -(मनदीप कौर)- पंजाब में नशा तस्करी के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस फिरोजपुर और BSF ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क की एक बड़ी कोशिश को नाकाम कर दिया। संयुक्त ऑपरेशन के दौरान भारत-पाकिस्तान सीमा के नजदीक से 44.5 किलो हेरोइन और 3 किलो आइस ड्रग बरामद की गई है। बरामद नशे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 200 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
यह भी पढ़े:-https://chardapunjabtv.com/punjab-strike-27-august-2026-government-hospitals-opd-emergency/

पंजाब के डीजीपी गौरव यादव के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सीमा पार से नशीले पदार्थों की बड़ी खेप भारतीय क्षेत्र में पहुंचाई गई है। सूचना के आधार पर काउंटर इंटेलिजेंस ने BSF के साथ तालमेल कर फिरोजपुर के भारत-पाकिस्तान बॉर्डर के नजदीक स्थित गांव गजनीवाला में कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन (CASO) चलाया।
सुरक्षा बलों ने गांव के आसपास खेतों में सघन तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान मिट्टी में छिपाकर रखी गई नशे की बड़ी खेप बरामद हुई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इस खेप को आने वाले दिनों में आगे सप्लाई किया जाना था, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों ने समय रहते इसे बरामद कर लिया।
इस मामले में पुलिस ने स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, फाजिल्का में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि सीमा पार से यह खेप किन हैंडलरों ने भेजी थी और भारत में इसे कौन से तस्कर हासिल कर आगे सप्लाई करने वाले थे।
पुलिस की जांच का फोकस अब पूरे नेटवर्क तक पहुंचने पर है। एजेंसियां सीमा पार बैठे हैंडलरों से लेकर भारतीय क्षेत्र में नशे की खेप लेने और आगे पहुंचाने वाले आरोपियों की पहचान करने में जुटी हैं।

